धर्म संवाद / डेस्क : पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना को लेकर पीठ पूजन का भव्य अनुष्ठान प्रारंभ हो चुका है। इस ऐतिहासिक अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के सागर में डूबा नजर आ रहा है। हजारों श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : सनातन धर्म में 108 का महत्व: शिव, सूर्य और ज्योतिष का रहस्य
निर्माणाधीन मंदिर में स्थापित किए जा रहे विशाल शिवलिंग पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है, जिससे पूरा क्षेत्र दिव्य और अलौकिक छटा से भर उठा है। इस पावन अनुष्ठान में महावीर मंदिर न्यास के सचिव शयन कुणाल और उनकी पत्नी, सांसद शांभवी चौधरी जजमान की भूमिका निभा रहे हैं।
सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा हुए शामिल

इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे कैथवलिया में उतरा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मंगल गीतों से गूंजा परिसर, भक्तिमय माहौल

पीठ पूजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास का इलाका पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। हजारों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं। महिलाएं मंगल गीत गा रही हैं, वहीं श्रद्धालु इस दुर्लभ और ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर पुण्य लाभ की कामना कर रहे हैं। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
मोतिहारी पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जाम की स्थिति से बचने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर सात प्रमुख ड्रॉप गेट बनाए गए हैं, साथ ही कई स्थानों पर बैरिकेटिंग की गई है।
कार्यक्रम स्थल तक सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक टीमों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि कार्यक्रम को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।






